मुजफ्फरपुर। लंबी दूरी की ट्रेनों में बढ़ रही एसी कोच की मांग को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने दो ट्रेनों में स्लीपर कोच को हटाकर एसी कोच की सुविधा देने का निर्णय लिया है। हालांकि, स्लीपर कोच घटने से यात्रियों को रेल का सफर आसान नहीं रहेगा।
पूर्व मध्य रेलवे ने सहरसा - नई दिल्ली के बीच चलने वाली 02553 अप 02554 डाउन वैशाली सुपर फास्ट एक्सप्रेस एवं सहरसा - आनंद विहार टर्मिनल के बीच चलने वाली 05279 अप 05280 डाउन पूरबिया एक्सप्रेस में तीन स्लीपर कोच को हटाकर थ्री-टीयर एसी के तीन कोच लगाने का निर्णय लिया है। पूरबिया एक्सप्रेस हाजीपुर शाहपुर पटोरी मार्ग से चलती है। जबकि वैशाली एक्सप्रेस मुजफ्फरपुर स्टेशन होकर जाती है।
रेलवे के इस फैसले से प्रतिदिन दोनों ट्रेनों पर दोनों रूटों से यात्रा करने वाले यात्रियों को स्लीपर के बदले एसी थ्री टीयर कोच में यात्रा करनी होगी। एक स्लीपर कोच में 72 यात्रियों के लिए बर्थ की सुविधा होती है। अप-डाउन ट्रेन मिलाकर छह कोच में 432 यात्रियों को स्लीपर के बदले अब एसी कोच में यात्रा करनी पड़ेगी। स्लीपर एवं एसी कोच के बीच लगभग तीन गुणा किराया का अंतर है। इससे स्लीपर बोगी में यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए एसी में सफर करना महंगा हो गया है।
दोनों ट्रेनों की संरचना में फेरबदल को लेकर पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य यात्री परिचालन प्रबंधक ने सूचना जारी की है। वहीं दोनों ट्रेन में एक-एक सामान्य कोच बढ़ाया जायेगा। इससे दोनों ट्रेनों में सामान्य कोच की संख्या तीन के बदले अब चार हो जायेगी। दोनों ट्रेनों में फर्स्ट एसी सह सेकेंड एसी कोच को हटा लिया जाएगा। ट्रेन में पूर्व की तरह 22 कोच से परिचालन किया जायेगा।
बदलाव के बाद दोनों ट्रेनों में दो पावर कार कोच, चार सामान्य कोच, छह स्लीपर, छह एसी थ्री, दो एसी टू टियर एवं एसी फर्स्ट के एक कोच के अलावा एक पेंट्रीकार रहेगा। सहरसा से एक फरवरी व नई दिल्ली से दो फरवरी से रवाना होने वाली वैशाली सुपर फास्ट संशोधित संरचना के साथ चलेगी।
वहीं पूरबिया एक्सप्रेस सहरसा से छह फरवरी व आनंद विहार टर्मिनल से सात फरवरी से संशोधित संरचना के साथ चलेगी। रेलवे के इस निर्णय से जहां एसी में चलने वाले को फायदा होगा।
वहीं स्लीपर कोच में यात्रा करने वाले यात्रियों के समक्ष संकट उत्पन्न होगा। स्लीपर कोच में कटौती से यात्रियों को अब अधिक किराया चुकाकर एसी बोगी में टिकट बुक करानी होगी।

No comments:
Post a Comment