हाजीपुर। देश की स्वतंत्रता की 75 वीं वर्षगांठ पर 'आजादी का अमृत महोत्सव ' राष्ट्रव्यापी अभियान के तहत पूर्व मध्य रेलवे हाजीपुर के महाप्रबंधक अनुपम शर्मा तथा पूर्व मध्य रेल महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा भारती शर्मा के नेतृत्व में शनिवार को पाटलिपुत्र रेल परिसर पटना में 'फिट इंडिया फ्रीडम रन 2.0 ' का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर महाप्रबंधक अनुपम शर्मा द्वारा हरी झंडी दिखाकर इसकी शुरूआत की गई।

पूर्व मध्य रेल के प्रमुख अधिकारीगण एवं उनके परिजनों ने कोविड-19 प्रोटोकॉल का पालन करते हुए उत्साहपूर्वक इसमें भाग लिया। कार्यक्रम पूर्व मध्य रेल क्रीड़ा संघ के तत्वावधान में आयोजित किया गया ।

विदित हो कि आजादी का अमृत महोत्सव के हिस्से के रूप में राष्ट्रव्यापी 'फिट इंडिया फ्रीडम रन 2.0 ' कार्यक्रम चलाया जा रहा है।आजादी का अमृत महोत्सव भारत की आजादी के 75 वें साल के उपलक्ष्य में मनाया जा रहा है। आजादी का अमृत महोत्सव मनाने और देश के युवाओं को फिटनेस के प्रति प्रोत्साहित करने के लिए फिट इंडिया फ्रीडम रन 2.0 की शुरुआत की गई है ।