मुजफ्फरपुर: राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री स्व.लालबहादुर शास्त्री की जयंती पर शनिवार को समाहरणालय सभाकक्षा में कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लालबहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण कर उनके बताए हुए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया गया।
डीएम प्रणव कुमार, डीडीसी आशुतोष द्विवेदी, नगर आयुक्त विवेक रंजन मैत्रेय, अपर समाहर्ता आपदा डॉ.अजय कुमार और सहायक समाहर्ता श्रेष्ठ अनुपम ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

कार्यक्रम में राष्ट्र पिता महात्मा गांधी पर आधारित एक डॉक्यूमेंट्री का प्रदर्शन भी किया गया। डीएम प्रणव कुमार ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और स्व० लाल बहादुर शास्त्री के विचारों को अपने जीवन में उतारें।

उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी के सत्य एवं अहिंसा और उनके आदर्शो को आत्मसात करना चाहिए ताकि हम सब उनसे प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण और उन्नति में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित कर सकें।

उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी के विचार आज भी प्रसांगिक है। राष्ट्रपिता का जीवन आत्म निर्भरता,श्रम की गरिमा स्वच्छता और ग्रामीण विकास का संदेश देता है। वे शांति और अहिंसा के महान दूत थे।

स्वच्छता के प्रति उनकी सोच, उनके विचार को हम सब मिलकर आत्मसात करें यही उनकी सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने कहा कि शास्त्री जी ने देश को एक मजबूत नेतृत्व दिया।"जय जवान जय किसान" का नारा आज भी प्रेरणा देता है।

उन्होंने कहा कि शास्त्री जी जहां अपनी सादगी और दृढ़ता के लिए जाने जाते हैं वहीं उन्होंने अपने विचारों के माध्यम से भी देश में क्रांति की एक अलग ही अलख जगाई थी। डीडीसी आशुतोष द्विवेदी ने उपस्थित अधिकारियों और कर्मियों को स्वच्छता से संबंधित शपथ दिलवाई ।

नेहरू युवा केंद्र के जिला युवा पदाधिकारी रश्मि सिंह ने कार्यक्रम का संचालन किया। वरीय पदाधिकारियों द्वारा पश्चिमी अनुमंडल स्थित लाल बहादुर शास्त्री जी के प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया एवं पुष्पांजलि अर्पित की गई। साथ ही सरैयागंज टावर स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की मूर्ति पर माल्यार्पण किया गया ।
No comments:
Post a Comment