मुजफ्फरपुर। दीपावली और छठ पूजा के दौरान दूसरे राज्यों से घर लौटने वाले लोगों को ट्रेन में नशाखुरानी गिरोह अपना शिकार नहीं बना सके।इसके लिए रेल पुलिस खुद को सर्तकता बरतते हुए यात्रियों को भी अलर्ट करना शुरू कर दिया है। रेल एसपी अशोक कुमार सिंह खुद इसकी मॉनिटरिंग कर रहे हैं।एसपी मुजफ्फरपुर जंक्शन पर पहुंच यात्रियों को जागरूक करने के लिए बनी टीम को बरौनी, गोरखपुर व यूपी के बलिया जंक्शन के लिए रवाना किया।इससे पूर्व एसपी ने जंक्शन स्थित रेल थाने पर टीम में शामिल अधिकारियों व जवानों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।एसपी ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा हमारी पहली प्राथमिकता है। ट्रेनों में भीड़ बढ़ने से आपराधिक घटनाएं बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।भीड़भाड़ के दौरान नशाखुरानी, छिनतई, पॉकेटमारी व चोरी की घटनाओं पर रोकथाम के लिए सख्ती से पेट्रोलिंग व जांच जरूरी है।तीनों जंक्शन पर टीमें 31 अक्टूबर से लेकर दस नवंबर तक कार्य करेगी। यात्रियों को लाउड स्पीकर, हैंड बिल व बैनर से नशा खुरानी को लेकर जागरूक किया जाएगा।गोरखपुर व बलिया जंक्शन पर तीन-तीन टीम व बरौनी जंक्शन पर एक टीम कार्य करेगी। प्रत्येक टीम में एक जमादार व दो जवान को शामिल किया गया है। डीएसपी, इंस्पेक्टर व थानेदार नियमित रूप से टीम के कार्यों की समीक्षा करेंगे। इस दौरान रेल थानेदार दिनेश कुमार साहू समेत कई अधिकारी मौजूद थे।