मुजफ्फरपुर। सोनपुर रेल मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक कर्मचारियों का स्थानांतरण कर रेलवे बोर्ड के नियमों की धज्जियां उड़ा रहे है। उनके निर्णयों की जमकर आलोचना की गई। इनके विरूद्ध आंदोलन तेज किया जायेगा। ईसीआरकेयू ने मंडल कार्यालय पर प्रदर्शन किया।

 

ईस्ट सेंट्रल रेलवे कर्मचारी यूनियन सोनपुर मंडलीय परिषद की बैठक शुक्रवार को सोनपुर सामुदायिक भवन में हुई। जिसकी अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष शिव प्रसाद यादव ने किया।

 

इसके मुख्य अतिथि के रूप में ईसीआरकेयू हाजीपुर के महामंत्री एसएनपी श्रीवास्तव रहे। इसमें दसों शाखाओं के पदाधिकारियों एवं केंद्रीय पदाधिकारी उपस्थित थे।

 

बैठक में मंडल मंत्री एससी त्रिवेदी ने अपना प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। जिसमें तीन मुख्य प्रस्ताव को सर्वसम्मति से पास किया गया। एक प्रस्ताव सोनपुर मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक के कुकृत्यों के विरोध में पास किया।

 

उन्होंने कहा कि आज वरिष्ठ डीसीएम कर्मचारियों का स्थानांतरण कर रेलवे बोर्ड के नियमों की धज्जियां उड़ा रहे है। जातीय उन्माद फैलाकर कर्मचारियों में फूट डाल रहे है। उनके विरूद्ध आंदोलन तेज किया जायेगा। बैठक समाप्त के बाद एक जुलूस निकाला गया जो रेल मंडल कार्यालय आया।

 


सभा को संबोधित करते हुए ईसीआरकेयू हाजीपुर के महामंत्री एसएनपी श्रीवास्तव ने कहा कि वरिष्ठ डीसीएम के मुद्दों पर रेल प्रशासन कोई निर्णय नहीं लेती है तो पूरे जोन में आंदोलन और प्रदर्शन किया जायेगा। इसके बाद 27 सूत्री मांगों से संबंधित ज्ञापन डीआरएम को सौंपा।

 


इसमें सहायक मंडल मंत्री बब्लु कुमार यादव, शाखा मंत्री शैलेन्द्र कुमार सिंह, शाखा मंत्री हाजीपुर त्रिभूवन पासवान, कोषाध्यक्ष सीताराम लाल दास आदि शामिल थे।