मुजफ्फरपुर। कार्य में शिथिलता बरतने और गंभीर कांडों के अनुसंधान में लापरवाही करने पर बेनीबाद ओपी प्रभारी दारोगा राजकुमार को निलंबित कर दिया गया है।एसएसपी जयंतकांत ने यह कार्रवाई की है। नगर थाने में तैनात दारोगा राजपत कुमार को ओपी प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है।डीएसपी पूर्वी मनोज कुमार पांडेय के अनुसार दारोगा राजकुमार के खिलाफ लगातार वरीय पदाधिकारी को शिकायत मिल रही थी।थानाक्षेत्र में क्राइम का ग्राफ बढ़ रहा था। गंभीर कांडों के अनुसंधान में भी वे रुचि नहीं ले रहे थे।इसी के आलोक में एसएसपी ने कार्रवाई की है। बताया गया है कि पिरौंछा के शिवेंद्र सिंह हत्याकांड में बेनीबाद ओपी पुलिस की लापरवाही के समय पर चार्जशीट दायर नहीं करने के कारण दो आरोपितों को जमानत मिल गई थी।वहीं सोमवार को इस हत्याकांड में आरोपित एक जनप्रतिनिधि को हिरासत में लिया गया, जबकि सुपरवीजन रिपोर्ट में इनका नाम केस से हट गया था।इसको लेकर बेनीबाद ओपी पर घंटों हंगामे की स्थिति बनी रही थी। वरीय पुलिस पदाधिकारियों के पहुंचने के बाद मामला शांत हुआ था।इसी मामले में उन्हें निलंबित किया गया है। दारोगा राजकुमार पर मीनापुर थानेदार रहते भी कई गंभीर आरोप लग चुके है।आनन-फानन में उनका तबादला बेनीबाद ओपी कर दिया गया था। सौजन्य : प्रभात खबर