मुजफ्फरपुर। जिले के स्कूलों में बच्चों को मिलने वाली मिड-डे-मिल में गड़बड़ी का मामला प्रकाश में आया है। बताया जा रहा है कि स्कूल के प्रधानाध्यापक ही बच्चों के भोजन के लिए आई राशि का ही गबन कर दिया।

ऐसे में जिले में 227 प्रधानाध्यापकों की यह करतूत सामने आई है। पीएम पोषण योजना के डीपीओ की डीडीसी को भेजी गई रिपोर्ट में कहा गया है कि इन प्रधानाध्यापकों ने 50 लाख से अधिक की मिड डे मील राशि की गड़बड़ी की जांच के बाद उनसे राशि की वसूली की जा रही है।

अब तक करीब 19 लाख रुपये की वसूली की गई है। मालूम हो कि जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति की बैठक में यह मामला उठा था । इसके बाद डीपीएम से इसकी रिपोर्ट मांगी गई थी। रिपोर्ट के अनुसार कुल 50 लाख 35 हजार 46 रुपये की गड़बड़ी की गई।

इनमें से 111 स्कूलों के प्रधानाध्यापकों से 19 लाख 168 रुपये किए जा चुके हैं। रिपोर्ट के अनुसार सबसे अधिक गड़बड़ी साहेबगंज प्रखंड के स्कूलों में पकड़ी गई।

यहां के 26 स्कूलों के प्रधानाध्यापकों को दंड लगाया गया। यही नहीं जिले के सबसे छोटे प्रखंड मुरौल के 23 स्कूलों के प्रधानाध्यापकों ने गड़बड़ी की । सबसे कम गड़बड़ी गायघाट प्रखंड के स्कूलों में पकड़ी गई । यहां चार स्कूलों में ही गड़बड़ी सामने आई।

प्रखंडवार स्कूलों की संख्या इस प्रकार है। औराई : 17, बंदरा : सात, बोचहां : 17, गायघाट : चार, कांटी : 11, कटरा : 18, कुढऩी : 10, मड़वन : सात, मीनापुर : 19, मुरौल : 23, मोतीपुर : 17, मुशहरी : 14, पारू : 17, साहेबगंज : 26 , सकरा : नौ, सरैया : 13