पटना। बड़े शहरों के बाद अब राज्य के छोटे शहरों का भी जीआइएस (ज्योग्राफी इन्फार्मेशन सिस्टम) आधारित नक्शा तैयार किया जाएगा। शहरों का प्रोपर्टी सर्वे भी होगा। इसके लिए 85 शहरी निकायों का चयन कर उन्हें नौ श्रेणियों में बांटा गया है।

क्षेत्रवार बांटी गई हर श्रेणी में सात से 11 शहर हैं। इसमें खुसरूपुर, इस्लामपुर, बरबीघा, झाझा, झंझारपुर, दलसिंहसराय, शिवहर, सुपौल, वीरपुर, अररिया, फारबिसगंज, बिक्रम आदि शामिल हैं। नगर विकास एवं आवास विभाग ने एजेंसी की खोज के लिए टेंडर जारी कर दिया है।

चुनी गई एजेंसी को एक से डेढ़ साल के अंदर काम पूरा करने का लक्ष्य दिया गया है। एजेंसी के चयन को लेकर 24 अप्रैल तक आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।

जानकारी के अनुसार, पहले चरण में चुने गए राज्य के 29 महत्वपूर्ण शहरों की जीआइएस मैपिंग का काम पूरा कर लिया गया है, जबकि अन्य 28 शहरों में यह काम जल्द ही पूरा हो जाएगा।

जिन 29 शहरों में जीआइएस मैपिंग का काम पूरा हो गया है, उनके 15 शहरों के प्रोपर्टी सर्वे का काम अंतिम चरण में है। प्रोपर्टी सर्वे होने से शहरी निकायों में भवनों का डाटा तैयार हो सकेगा।