पटना : अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष डा.प्रवीण तोगड़िया ने शनिवार को कहा कि समय आ गया है जब अलग-अलग रह रहे हिंदुओं को एकजुट होने की जरूरत है। हिंदुओं को अपनी पहचान बनाने के लिए एकता के साथ संघर्ष करना पड़ेगा।

अन्यथा वो दिन दूर नहीं जब जिहादी अपना कब्जा कर लेंगे। नौबतपुर के तरेत मठ पहुंचे तोगड़िया ने कहा कि जिहादियों के बुलंद हौसलों के कारण आज हिंदुओं पर विपत्ति आई है। भारत के अलावा दूसरा और कोई स्थान हिंदुओं के लिए सुरक्षित नहीं बचा है। तोगड़िया ने पूछा कि अगर हिंदू-मुसलमान के पूर्वजों के डीएनए एक हैं तो फिर पाकिस्तान क्यों बना?

उन्होंने कहा कि कश्मीर में चार लाख हिंदू पंडितों को मारा गया। उन्हें विस्थापित किया गया। सोचिए अगर आपके साथ ऐसा होता तो आपकी मन:स्थिति क्या होती। इसके पहले तरेत मठ में प्रवीण तोगड़िया ने भगवान रामचंद्र महाराज के दर्शन किए। इस दौरान मठाधीश स्वामी सुदर्शनाचार्य महाराज और उनके शिष्यों ने वैदिक रीति-रिवाज के साथ पूजा कराई।
हिंदू हित में जो कार्य होंगे कराए जाएंगे

डा. प्रवीण तोगड़िया ने कहा कि अयोध्या में जिस प्रकार श्रीराम मंदिर का निर्माण प्रभु की कृपा से हो गया है, उसी तरह सरकारों पर शांत लोकतंत्रिक दबाव बनाकर हिंदू हित में जो कार्य होंगे कराए जाएंगे। तोगड़िया ने कहा कि हमारे लिए हिंदू हित सर्वोपरि है। उन्होंने कहा कि अब वो समय आ गया है, जब अलग-अलग रह रहे हिंदुओं को एकजुट होने की जरूरत है।

कहा कि पूर्व से मैंने चार काम शुरू किए हैं, जिसमें हिंदू हेल्पलाइन, इंडिया हेल्थ लाइन स्वास्थ्य को लेकर एक मुट्ठी अनाज और हिंदू एडवोकेट फोरम। अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष डा. प्रवीण तोगड़िया ने कहा कि जल्द ही बेरोजगार हिन्दुओं के लिए एक और आयोजन करने जा रहा हूं, जिसका नाम रोजगार रखा है। इस कार्यक्रम के तहत गरीब बेरोजगार हिन्दुओं को रोजगार की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।