आरा के भोजपुर में एकतरफा प्यार में सनकी आशिक ने इंटर की छात्रा पर उस समय तेजाब फेंका जब वह छत पर सो रही थी। बताया जा रहा है कि छात्रा के चाचा की शादी होने वाली है। 27 मई को तिलक आया था। 29 को मड़वान और 31 को बारात है। उसको लेकर उसके घर काफी संख्या में रिश्तेदार आए हैं।

तिलक के दूसरे दिन शनिवार की रात सभी लोग खाना खाकर छत पर सो रहे थे। तभी आरोपित प्लास्टिक की एक डिबिया में तेजाब लेकर उसके घर की छत पर चढ़ गया। लेकिन छत पर अधिक लोगों के सोने होने के कारण उसे छात्रा को पहचानने में परेशानी हो रही थी।

उसने लोगों के चेहरे से चादर हटाई और पहचान की। उसके बाद छात्रा के शरीर पर तेजाब डाल दिया। तेजाब डालने के क्रम में उसके बगल में सो रहे उसके फुफेरे भाई पर भी तेजाब के कुछ छींटे पड़ गए। इससे दोनों बुरी तरह झुलस गए। घटना के दौरान चीख-पुकार मची, तो आरोपित भाग निकला।

डेढ़ साल से छात्रा को कर रहा था परेशान, चेहरा बर्बाद करने की दे रहा था धमकी
छात्रा के अनुसार आरोपित अमरजीत कुमार मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बसंतपुर गांव का निवासी है। वह करीब डेढ़ वर्षों से अपने मौसी के घर गंगहर गांव में रहता है। उसी समय से उसे परेशान करता था। उसपर प्यार करने और शादी करने के लिए दबाव डालता था। साथ ही वह उससे बराबर यहां-वहां चलने के लिए भी कहता था। वह इसका विरोध करती, तो बर्बाद करने की धमकी भी देता था।

अक्सर कहता था कि तुम्हें अपने चेहरे पर घमंड हैं। शादी नहीं कि तो तुम्हारा चेहरा खराब कर दूंगा। दो दिन पूर्व भी उसे रास्ते में रोक कर शादी करने का दबाव दे रहा था। इसे लेकर उसने गाली-गलौज भी की थी। युवती ने आरोपित को कठोर सजा देने की मांग की है। ताकि भविष्य में कोई किसी लड़की पर तेजाब नहीं डाल सके। बताया जा रहा है कि पीड़िता के पिता अपने परिवार के पालन-पोषण के लिए यमन में रहकर प्राइवेट जॉब करते हैं। पीड़िता अपने परिवार में दो भाई और दो बहनों में दूसरे नंबर पर है। उसने इस साल ही इंटर में नामांकन कराया है।

वीडियो बनाने पर परिजनों का भड़का गुस्सा
बताया जाता है कि आरोपित अमरजीत के गंगहर निवासी दो रिश्तेदार रविवार को सदर अस्पताल पहुंचे और लड़की की स्थिति जानने के बहाने उसका वीडियो बनाने लगे। इस पर युवती के परिजन भड़क उठे और दोनों युवकों को पकड़ लिया। उसके बाद दोनों की लात-घूसों से धुनाई कर दी। बाद में दोनों लड़कों को पुलिस के हवाले कर दिया गया है। परिजनों का कहना था कि दोनों युवक आरोपित के मुखबिर बनकर अस्पताल पहुंचे थे। दोनों बर्न वार्ड में उसकी स्थिति जानने का प्रयास कर रहे थे। पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है। एएसपी के अनुसार पूछताछ के बाद कार्रवाई की जायेगी।
No comments:
Post a Comment