भोपाल, 01 सितंबर (वार्ता) मध्यप्रदेश के सागर में हो रही लगातार हत्याओं के संबंध में गृह मंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा ने आज कहा कि एहतियातन सभी आवश्यक प्रबंध करने के निर्देश दिए गए हैं और जल्द ही मामले का खुलासा होगा।
डॉ मिश्रा ने संवाददाताओं से चर्चा के दौरान कहा कि इस संबंध में उनकी पुलिस अधीक्षक से बात हुई है। सभी स्थानों पर पुलिस और रात्रि गश्त वाले चौकीदारों को अलर्ट किया गया है। घटना को लेकर जनजागरण भी किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि घटना के संबंध में सीसीटीवी फुटेज देखे जा रहे हैं। एक-दो स्थानों पर कोई व्यक्ति दौड़ता दिख रहा है।प्रथम दृष्टया ऐसा लग रहा है कि कोई एक ही व्यक्ति इन घटनाओं को अंजाम दे रहा है। जल्द ही मामले का खुलासा होगा।
सागर जिले में पिछले तीन दिन में तीन लोगों की हत्या के बाद से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। हत्यारा चौकीदारों या घर के बाहर सोने वाले लोगों को अपना निशाना बना रहा है।
No comments:
Post a Comment