हमीरपुर 01 नवंबर (वार्ता) कांग्रेस नेता एवं राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने मंगलवार को कहा कि हिमाचल प्रदेश में 12 नवंबर से भाजपा का डबल इंजन काम करना बंद कर देगा जब राज्य के मतदाता चुनाव में जय राम ठाकुर सरकार को बेदखल कर देंगे।
श्री पायलट ने यहां गांधी चौक पर पार्टी प्रत्याशी पुष्पेंद्र वर्मा के लिए चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा कि हमीरपुर में कांग्रेस एकजुट है और इस बार राज्य और पार्टी चुनाव में जीत हासिल करेगी। उन्होंने कहा , " भाजपा के कार्यकाल में अमीर और गरीब के बीच गहरी खाई बन गयी है। जहां अमीर अमीर हो गए हैं, वहीं गरीब बदतर स्थिति में हैं। इसके लिए कांग्रेस पार्टी ही एकमात्र विकल्प है जो इस अंतर को खत्म कर सकती है।"
उन्होंने कहा कि देश में बेरोजगारी बढ़ रही है और यह भी सच है कि भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने इसे स्वीकार किया है। उन्होंने भारतीय जमीन पर चीन के अतिक्रमण के संबंध में कहा कि मोदी सरकार सीमा मुद्दे को सुलझाने में बुरी तरह विफल रही है।
श्री पायलट ने कहा कि जयराम ठाकुर सरकार प्रदर्शन करने में विफल रही है और इसलिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी टीम हिमाचल प्रदेश के चक्कर लगा रही है। इससे पता चलता है कि भाजपा काफी तनाव में है और 12 नवंबर को होने वाले चुनाव के बाद उसे सत्ता से बेदखल कर दिया जायेगा। उन्होंने लोगों से कांग्रेस को वोट देने और भाजपा के कुशासन से खुद को बचाने का आह्वान किया।
उन्होंने ऊना जिले के बंगाना में जनसभाओं को भी संबोधित किया और वहां पार्टी उम्मीदवार के लिए वोट मांगे।
No comments:
Post a Comment