नालंदा के बिहार शरीफ सदर अस्पताल में एक व्यक्ति ने महिला गार्ड को बेरहमी से पीट दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। इस घटना से अस्पताल में अफरातफरी मच गई। इसके बाद पता कि आरोपी व्यक्ति कोई और नहीं बल्कि महिला गार्ड का पति है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को अपनी गिरफ्त में ले लिया।

जानकारी के मुताबिक, आरोपी का नाम सुदामा कुमार है और पेशे से ऑटो चालक है। वह जुआफर डीह गांव का रहने वाला है। उसकी पत्नी सनम कुमारी वर्तमान में बिहार शरीफ सदर अस्पताल में गार्ड के तौर पर काम करती है। पत्नी सनम कुमारी का आरोप है कि वह आरोपी से पहले ही तलाक ले चुकी है, क्योंकि वह अक्सर उसके साथ मारपीट करता था। इस हालत से तंग आकर उसने घर छोड़ दिया और कुछ साल पहले दूसरी शादी रचा ली। इसी को लेकर पहले से विवाद चला आ रहा है।

कोर्ट में भी मामले में मुकदमा चल रहा है। उसी के खुन्नस में आरोपी पति सुदामा महिला गार्ड के ड्यूटी के वक्त अस्पताल पहुंचा और उसके साथ मारपीट की। इस मारपीट की घटना में महिला गंभीर रूप से जख्मी हो गई है। इसके बाद इसकी सूचना स्थानीय थाना को दी गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की तहकीकात शुरू कर दी है। पीड़ित महिला का इलाज सदर अस्पताल में जारी है। वहीं, पुलिस आरोपी पति सुदामा को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
No comments:
Post a Comment