सालों के बाद आखिरकार शनिवार की रात वह क्षण आया जब भारत ने साउथ अफ्रीका को हराकर T-20 विश्व कप जीता। इस जीत के साथ भारत के पास अब चार विश्व कप हो गए हैं, जबकि साउथ अफ्रीका को अभी भी विश्व कप का इंतजार करना होगा। जैसे ही भारत ने विश्व कप मैच में साउथ अफ्रीका को हराया, पूरे शहर में जश्न का माहौल बन गया। आधी रात को सैकड़ों युवक घरों से बाहर निकल आए और जमकर आतिशबाजी की। सड़कों पर युवाओं की भीड़ को देखते हुए देर रात बड़ी संख्या में पुलिस बल भी तैनात रहा।
### मालवीय चौक पर लगे 'भारत माता की जय' के नारे
भारत की जीत का जश्न मनाते हुए सैकड़ों युवक रैली के साथ मालवीय चौक पहुंचे, जहां हाथों में तिरंगा लहराते हुए उन्होंने 'भारत माता की जय' के नारे लगाए। क्रिकेट प्रशंसक राहुल ने कहा कि भारत ने साउथ अफ्रीका के सामने एक बड़ा स्कोर खड़ा कर दिया था। हालांकि, मैच के बीच में कुछ समय के लिए ऐसा लगा कि साउथ अफ्रीका मैच जीत जाएगी, लेकिन आखिर में भारत के गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विश्व कप जीत लिया।
क्रिकेट प्रशंसक मोहित ने बताया कि मैच का टर्निंग पॉइंट डेविड मिलर का कैच था, जिसे सूर्य कुमार ने लिया था। मिलर के आउट होते ही विश्व कप भारत का हो गया था।
### पुलिस की तैनाती
विश्व कप क्रिकेट मैच को देखते हुए जबलपुर एसपी ने सभी पुलिस अधिकारियों और थाना प्रभारियों को निर्देश दिए थे कि रैली और जश्न के दौरान अपने-अपने थाना क्षेत्र में मौजूद रहकर शांतिपूर्ण ढंग से कार्यक्रम संपन्न कराएं। शहर के मालवीय चौक से लेकर पुराने बस स्टैंड तक सैकड़ों युवाओं ने रैली निकाली और क्रिकेट की जीत का जश्न मनाया। इस दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल भी तैनात रहा।
### ग्रामीण क्षेत्र में भी जश्न
जबलपुर के ग्रामीण क्षेत्र पाटन में भी शाम से क्रिकेट का मजा लिया जा रहा था। पाटन बस स्टैंड के पास युवाओं ने एक बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाई थी और हर गेंद का मजा ले रहे थे। हाथों में तिरंगा झंडा लहराते हुए युवाओं ने जैसे ही भारत की जीत देखी, तो जमकर आतिशबाजी की। भारत के विश्व कप की जीत पर जबलपुर ही नहीं, मध्यप्रदेश और पूरा देश जश्न मना रहा है।
No comments:
Post a Comment