मुजफ्फरपुर। जिला प्रतिरक्षण कार्यालय की ओर से बिना दर्द वाले कोरोनारोधी टीका जाइकोव-डी की 34 हजार डोज एक्सपायर होने की रिपोर्ट मुख्यालय को दी है। जानकारी के अनुसार पिछले वर्ष नवंबर में 40 हजार जाइकोव-डी टीका की डोज आई थी।
उसका वितरण नहीं हो पाया। छह हजार डोज मई में एक्सपायर होगी। बताया गया कि उक्त टीका के उपयोग से एक दिन पहले ही मुख्यालय से निर्देश मिला कि अभी इसपर रोक लगाई जाए।
इसके बाद इसका टीकाकरण नहीं हुआ। जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डा. एके पांडेय ने बताया कि इस वैक्सीन की एक्सपायरी को लेकर मुख्यालय को सूचना दी गई है।
जानकारी के अनुसार, कोविड पोर्टल पर इस टीके से संबंधित कोई जानकारी उपलब्ध नहीं होने के कारण टीकाकरण पर रोक लगाई गई थी। पोर्टल पर सिर्फ कोविशील्ड ,को-वैक्सीन, कोर्बेवैक्स, स्पूतनिक की जानकारी उपलब्ध है।
इन टीकों के लिए स्वास्थ्यकर्मियों को सदर अस्पताल में ट्रेनिंग भी दी गई थी। जिला स्वास्थ्य विभाग ने इसकी पूरी तैयारी कर रखी थी, लेकिन ऐन वक्त पर इस पर रोक लगा दी गई थी। जिला प्रतिरक्षण कार्यालय ने मुख्यालय को टीकों के एक्पायर होने की जानकारी दी। मुख्यालय ने इन्हें होल्ड पर रखने को कहा। इसके बाद उनको वापस ही नहीं लिया गया।

No comments:
Post a Comment