मुजफ्फरपुर। विवि की ओर से स्नातक सत्र 2022-25 में नामांकन को लेकर आवेदन के लिए पांच मई से पोर्टल खोला जाएगा। कुलपति के आदेश से डीएसडब्ल्यू डा.अजीत कुमार ने इसका पत्र जारी किया है। बताया कि पोर्टल खोलने को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पोर्टल पर ट्रायल शुरू कर दिया गया है।
बताया कि इससे पूर्व 26 अप्रैल से पोर्टल खोलने की बात थी, लेकिन एजेंसी ने पोर्टल को पूरी तरह तैयार नहीं होने का हवाला दिया था। इस कारण तत्काल पोर्टल खोलने पर रोक लगाई गई थी। यूएमआइएस कोआर्डिनेटर प्रो.टीके डे ने बताया कि इस बार नामांकन के लिए विद्यार्थियों को 85 कालेजों का विकल्प मिलेगा।
पिछले वर्ष 106 कालेजों में नामांकन का विकल्प विद्यार्थियों को मिला था, लेकिन सत्र 2022-25 में सरकार से संबद्धता नहीं होने के कारण 21 कालेजों के नाम पोर्टल से हटा दिए गए हैं। कहा कि सीटों की संख्या में कमी नहीं होगी। पिछले वर्ष 1.55 लाख सीटों पर नामांकन की प्रक्रिया हुई थी।
इसपर 1.13 लाख विद्यार्थियों ने नामांकन लिया था। आवेदक डेढ़ लाख थे, लेकिन नामांकन की प्रक्रिया लंबी चलने के कारण करीब 35 हजार विद्यार्थी दूसरे विवि की ओर पलायन कर गए थे। डा.डे ने बताया कि जिन कालेजों को पिछले सत्र में नामांकन की मान्यता मिली है।
उसमें इसबार सीटों की संख्या बढ़ेंगी। ऐसे में कुल सीटें यथावत रहेंगी। बीआरए बिहार विश्वविद्यालय में सीनेट से 17 नए कालेजों को मान्यता दी गई है। वहीं जिन 21 कालेजों के नाम संबद्धता नहीं होने के कारण पोर्टल से हटाए गए हैं। उन्हें भी सीनेट ने मंजूरी दी है। सरकार से मान्यता मिलने के बाद इन कालेजों के भी नाम पोर्टल पर जोड़े जाएंगे। विवि की ओर से बताया गया है कि 15 मई तक नए कालेजों को सरकार से मान्यता मिलने की उम्मीद है।

No comments:
Post a Comment