| By Newsdesk on August 4, 2024 | जबलपुर जिले में अपराध की घटनाओं में वृद्धि हो रही है। ऐसा ही एक मामला बरगी थाना क्षेत्र के ग्राम निगरी में सामने आया है, जहां 51 वर्षीय मुकेश झारिया की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। वारदात शनिवार सुबह करीब चार बजे की है। मृतक अपनी मां के साथ रहता था, जो रिश्तेदारी में गई हुई थी, और उसकी पत्नी और बच्चे मायके में रहते हैं। घटना के समय मुकेश रोजाना की तरह घर के बाहर बने शेड में सो रहा था। तड़के सुबह तीन अज्ञात लोग आए और चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी। शोर सुनकर आसपास के लोग बाहर आए और आरोपियों को भागते हुए देखा। पुलिस को सूचना मिलने पर बरगी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा। पुलिस की प्राथमिक जांच में पता चला है कि हत्यारे मुकेश के जान-पहचान वाले ही हैं। पुलिस को मौके पर मुकेश का मोबाइल भी मिला है, जिसकी जांच की जा रही है, ताकि पता लगाया जा सके कि रात को उसने किन-किन लोगों से बात की थी। पुलिस ने हत्यारों की तलाश शुरू कर दी है। | | | |
No comments:
Post a Comment